उरई। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह पर सोमवार को शहर के इंदिरा स्टेडियम से महिलाओं ने बाइक रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी न करें और हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाएं। बाइक रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए एआरटीओ कार्यालय पर पहुंचकर समाप्त हुई। यहां जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने कहा कि सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंाकड़ें बताते है कि अधिकांश घटनाएं यातायात नियमों का पालन न करने की वजह से ही होती हैं। एआरटीओ सोमलता ने कहा कि यातायात नियमों का पालन न सिर्फ अपने लिए, बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
इसके पहले बाइक रैली इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर घंटाघर, कोंच बस स्टैंड, आंबेडकर चौराहा, जिला परिषद, कालपी बस स्टैंड होते हुए एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में महिला सिपाही, एनसीसी कैडेट एवं स्कूली छात्राओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन मनोज कुमार, महिला थाना अध्यक्ष नीलेश कुमार मौजूद रहीं।