आटा स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर काम करते कर्मचारी
- फोटो : ORAI
उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पर आटा स्टेशन के यार्ड में मालगाड़ी के चालक को रेलवे ट्रैक पर जर्क (झटका) महसूस हुआ। चालक ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल ने तत्काल इंजीनियरिंग विभाग की टीम को भेजकर ट्रैक की मानीटरिंग और ट्रैक को दुरुस्त कराया। इसके चलते एक मालगाड़ी उसरगांव स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे खड़ी रही।
बुधवार को कानपुर की ओर से आने वाली खाली मालगाड़ी जब दोपहर एक बजे आटा स्टेशन के यार्ड की अप लाइन से गुजरी तो मालगाड़ी के चालक को रेलवे ट्रैक में झटका महसूस हुआ, उसने कंट्रोल रूम और सरसौखी स्टेशन मास्टर को सूचना दी। ट्रैक में झटके की जानकारी मिलने पर कानपुर की ओर से उदयपुरा स्पेशल मालगाड़ी को उसरगांव स्टेशन पर रोक दिया गया। इंजीनियरिंग विभाग की टीम रेलपथ निरीक्षक जीएस निरंजन के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण की। इसके चलते उदयपुरा स्पेशल मालगाड़ी को उसरगांव स्टेशन पर एक बजे से 2.35 बजे तक खड़ी रही। आटा स्टेशन अधीक्षक पीके निरंजन ने बताया कि कंट्रोल से आए मैसेज के बाद इंजीनियर विभाग की टीम ने ट्रैक को दुरुस्त किया। इसके बाद ट्रेनों की आवाजाही शुरू हुई।