उरई। सहायक कार्मिक अधिकारी (एपीओ) जीआर अहिरवार ने बुधवार को उरई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों की मूवमेंट की जानकारी ली। इस दौरान मनमाने तरीके से संबंधित इंचार्ज के बिना स्वीकृति के ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों के मामले में नाराजगी जताई।
एपीओ ने स्टेशन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक एसपी मिश्रा से पूछा कि यहां तैनात चालक और गार्ड ड्यूटी पर जाने से पहले अपना मूवमेंट भरते हैं, उनके इनकार पर एपीओ ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी मूवमेंट रजिस्टर को विधिवत तरीके से भरें। साथ ही ड्यूटी पर तैनात स्टेशन अधीक्षक उसकी पुष्टि करें। उन्होंने ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों पर नजर रखने के लिए उन्होंने मंडल मुख्यालय से एक लोको निरीक्षक को भी भेजने की बात कही। निरीक्षण के दौरान पसंदीदा समय की ड्यूटी करने वाले तीन कर्मचारी पकड़े गए। इस पर उन्होंने उनके सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाए। भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। इस दौरान प्वाइंट्समैन ने शिकायत की कि स्टेशन पर तैनात प्वाइंट्समैनों का फरवरी से ओवरटाइम ड्यूटी भत्ता नहीं मिला है। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि इसी महीने के वेतन में उनका भत्ता जोड़कर भेजा जाएगा। इस दौरान चीफ वेलफेयर इंस्पेक्टर आरपी सोनी भी मौजूद रहे।