तिलक समारोह में महिलाओं से छेड़खानी का विरोध करने पर रिश्तेदार ने साथियों के साथ दूल्हे के घर हमला बोल दिया। घरवालों को पीटा और भीड़ एकत्र होने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। ग्रामीणों ने मौके से छह बाइक और एक हमलावर को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुठौदा खुर्द निवासी इंद्रभान दोहरे के छोटे बेटे ललुआ का बुधवार की रात तिलक समारोह चल रहा था। इस बीच इंद्रभान का रिश्तेदार दीपू निवासी जालौन चार साथियों के साथ शराब पीकर महिलाओं से छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान परिवार वालों से उसकी धक्का-मुक्की हो गई। इसका बदला लेने के लिए गुरुवार की दोपहर सात बाइकों पर बीस युवकों को लेकर असलहों से लैस दीपू ने इंद्रभान के घर पर धावा बोल दिया।
घर में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। इससे इंद्रभान के बडे़ बेटे विक्रम को भी चोटें आई हैं। बीच बचाव करने आए पड़ोसी गोविंद सिंह को भी तमंचे की बट से लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण आ गए। ग्रामीणों को आता देख हमलावरों ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इस पर ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने एक युवक को दबोच लिया। हमलावर छह बाइक छोड़कर भाग गए। युवक के पास से तमंचा भी मिला है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस युवक को लेकर कोतवाली आ गई। पुलिस का कहना है कि बाकी के हमलावरों की तलाश की जा रही है।