माधौगढ़। क्षेत्र के ग्राम बंगरा निवासी ऋषिकेश तिवारी (43) को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों व गणमान्य लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
आरएएफ के जवान ऋषिकेश तिवारी की 27 मार्च को पश्चिम बंगाल में चुनाव में ड्यूटी लगी थी। इस दाैरान उन्हें अचानक हृदयाघात पड़ गया था। अस्प्ताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। ऋषिकेश आरएएफ में वर्ष 2003 में भर्ती हुए थे और वर्तमान में आरएएफ की 101वीं बटालियन प्रयागराज में तैनात थे। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनकी ड्यूटी कोलकाता में लगाई गई थी।
ऋषिकेश के निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर लोगों का तांता लग गया। परिवार में पत्नी प्रमिला देवी, तीन बेटियां ज्योति, शगुन, रूही और एक बेटा अभय हैं।