उरई। साहित्यकार डॉ. दिनेश चंद्र द्विवेदी की स्मृति में आयोजित हुई जिला स्तरीय बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता के छठवें वर्ष का परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें पहले स्थान पर राधेकृष्ण सलौनिया, दूसरे पर पार्थ सिंह और तीसरे स्थान पर चतुर सिंह पाल रहे हैं। जूनियर वर्ग में 7 प्रतिभागियों ने सांत्वना और 15 ने प्रेरणा पुरस्कार के लिए स्थान बनाया। सीनियर वर्ग में 5 को सांत्वना और 13 प्रतिभागियों को प्रेरणा पुरस्कार मिलेगा।
बता दें कि 13 अक्तूबर को जिले के पांच केंद्रों पर हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 1306 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। मूल्यांकन के बाद आज परिणाम घोषित कर दिए गए। लड़कों से इस बार लड़कियां तो पिछड़ गईं पर गांव के छात्र-छात्राओं ने शहर के प्रतिभागियों को जरूर पीछे कर दिया। पहले तीन स्थानों में दो पर उनका कब्जा रहा। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में टॉपर रहे अमन अहमद इस प्रतियोगिता में कोई स्थान नहीं बना सके। हाईस्कूल की जिला टॉपर रूपा शुक्ला भी पिछड़ गईं।
पुरस्कार समिति के अध्यक्ष डा. अंकुर शुक्ला, डॉ. कुमारेंद्र सेंगर, सुदामा दीक्षित, अरविंद चौहान, अरविंद गौतम चच्चू ने बताया कि 125 प्रश्नों की परीक्षा में राधेकृष्ण ने 77, पार्थ सिंह 74 और चतुर सिंह पाल ने 73 अंक हासिल किए। खंड (ए) आठ से हाईस्कूल तक के बच्चों की खंड (ए) में सांत्वना के लिए न्यूनतम 67, प्रेरणा में न्यूनतम 61 तथा खंड (बी) कक्ष 11 से परास्नातक तक में सांत्वना के लिए 71 तथा प्रेरणा के लिए जिनके 62 अंक हैं वह जगह पाने में सफल हुए। 9 नवंबर को आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज में सभी को पुरस्कृत किया जाएगा।