उरई। रेलवे स्टेशन के पास जीएसके ग्रुप के मॉल निर्माण स्थल पर मजदूर गौरव जाटव की मौत के मामले में उसके पिता चंद्रपाल ने एसपी को ज्ञापन दिया। इसमें पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए ठेकेदार और उसके साथ काम करने वाले कुछ लोगों की भूमिका पर संदेह व्यक्त किया है।
उन्होंने मोबाइल से हुए कथित ऑनलाइन लेनदेन की जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जांच कराने की मांग की है। परिवार ने बेटे का बकाया मेहनताना नहीं मिलने का आरोप भी लगाया है। चंद्रपाल के मुताबिक, गौरव वेल्डिंग सहायक के रूप में काम कर रहा था। करीब 12 दिन पहले ही वह काम पर गया था। आरोप है कि चार अक्तूबर 2026 की सुबह 6:29 बजे उन्हें फोन पर बेटे के छत से गिरने और मौत होने की सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि वे उसी दिन शाम करीब सात बजे घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक पोस्टमार्टम कराया जा चुका था। पिता ने गौरव के मोबाइल से जुड़े फोनपे लेनदेन का हवाला देते हुए मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। (संवाद)