माधौगढ़ में निरीक्षण करते डीएम डा. मन्नान अख्तर व एसपी।
- फोटो : ORAI
माधौगढ़/जालौन। डीएम डॉ. मन्नान अख्तर, एसपी डॉ. सतीश कुमार ने जूनियर हाईस्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण कर वहां पर रह रहे लोगों से जानकारी ली। डीएम ने ईओ राजीव कुमार से कहा कि शहरों से आए मजदूरों को हर हालत में क्वारंटीन करें। शेष बचे मजदूरों को भी शीघ्र क्वारंटीन सेंटर भेजें।
क्वारंटीन सेंटर के निरीक्षण के बाद डीएम व एसपी स्टेट बैंक पहुंचे। बैंक कर्मचारियों से हैंडवाश, सैनिटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग रखने की बात कही। क्रय विक्रय स्थित राशन की दुकानों का निरीक्षण किया। कोटेदार राघवेंद्र सिंह, बलराम सिंह से दूरी बनाकर राशन का वितरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली में साफ सफाई, बंदीगृह, माइक व मेन गेट का निरीक्षण किया। कोतवाल जेपी पाल से परिसर की साफ सफाई करने की बात कही। इस दौरान एसडीएम सालिकराम, सीओ संजय कुमार शर्मा, ईओ राजीव कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता आदि मौजूद रहे।
जालौन प्रतिनिधि के मुताबिक, एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला व सीओ सुबोध गौतम को सूचना मिली गांवों में स्थित परिषदीय स्कूलों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में दिन में तो लोग रहते हैं लेकिन रात होते ही वह स्कूलों से निकलकर अपने घरों में पहुंच जाते हैं। जिससे गांवों में संक्रमण फैलने की आशंका फैल रही है। इस पर उन्होंने पुुलिस के साथ गांव प्रतापपुरा, हरकौती और धनौरा कलां स्थित प्राथमिक विद्यालयों में रुके 55 लोगों को नगर में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया। साथ ही सभी को सख्त हिदायत दी कि क्वारंटीन पीरियड में कोई भी व्यक्ति बाहर निकलने का प्रयास न करें। न ही किसी से मिले जुले। यदि कोई बाहर निकलने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।