उरई। माधौगढ़ तहसील के बोहरा गांव में युवक की मौत के मामले में झोलाछाप को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बता दें कि बोहरा गांव निवासी गोशाला के केयरटेकर रामरुप शाक्यवार के बेटे देवप्रसाद उर्फ शिवम (22) को छह जुलाई को बुखार के साथ दस्त लगने शुरू हो गए। परिजनों की सूचना पर माधौगढ़ का झोलाछाप गांव पहुंचा। आरोप है कि शिवम को जैसे ही बोतल चढ़ाई तो उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर झोलाछाप भाग खड़ा हुआ। परिजनों ने सात जुलाई को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल, फिर झांसी रेफर कर दिया। 11 जुलाई को युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने झोलाछाप अरुण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था और उसकी तलाश शुरू कर दी थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट थी लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ रहा था। मंगलवार को झोलाछाप अरुण को माधौगढ़ कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजकुमार निगम ने चितौरा रोड से गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया। जहां से सीजेएम अभिषेक खरे ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।