फोटो - 02 मनीष राजपूत की फाइल फोटो।
उरई। शहर के राजेंद्र नगर मोहल्ले में सोमवार रात एक घर के छज्जे पर अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ लिया। इस दौरान अजगर ने एक वनकर्मी के हाथ में काट लिया।
मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी सुरेंद्र पाल सिंह के पुत्र दिनेश सोमवार रात करीब आठ बजे घर के बाहर सीसी सड़क पर बैठे थे। इसी दौरान उनकी नजर दरवाजे के ऊपर बने छज्जे पर बैठे अजगर पर पड़ी। अजगर का मुंह नीचे की ओर था। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया तो अजगर पास में रखे भूसे के ढेर में घुस गया। घनी आबादी के बीच अजगर मिलने की सूचना पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मोहल्ले के सत्येंद्र ने इसकी सूचना डीएफओ को दी। इसके बाद वन विभाग के दो कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को नीचे उतारकर पकड़ लिया गया। इस दौरान अजगर ने एक कर्मचारी के हाथ में काट लिया। बाद में वनकर्मी अजगर को रेलवे क्रॉसिंग के आगे जंगल की ओर ले गए और वहां छोड़ दिया।