फोटो - 03 अमर उजाला में प्रकाशित खबर का पीडीएफ। संवाद
मुहम्मदाबाद। उरई और हमीरपुर को जोड़ने वाले बेतवा नदी पुल की मरम्मत में सामने आई खामियों को दूर करने के लिए मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। दरअसल, पुल की सतह पर दरारें पड़ने और कई स्थानों पर सरिया बाहर आने की खबर सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। सोमवार से पुल पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है।
गौरतलब है कि करीब 1.54 करोड़ रुपये की लागत से बेतवा पुल का मरम्मत एवं रंगाई-पुताई कार्य कराया गया था। इसके लिए पुल को 5 फरवरी से 16 मार्च तक बंद रखा गया था। करीब 40 दिनों तक पुल बंद रहने से हजारों लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ा था। इसके बावजूद मरम्मत के महज तीन माह बाद ही पुल की सतह पर दरारें दिखाई देने लगी थीं और कई स्थानों पर कंक्रीट उखड़ने के साथ सरिया भी बाहर नजर आने लगी थी।
मामला उजागर होने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी। अमर उजाला ने 27 जून के अंक में खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण कराया और जहां-जहां खराबी मिली, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में पुल की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दृगपाल सिंह का कहना है कि पुल पर जहां भी समस्या है, उसे दुरुस्त कराया जा रहा है। लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
फोटो - 03 अमर उजाला में प्रकाशित खबर का पीडीएफ। संवाद