कालपी/कदौरा। क्षेत्र में बेतवा नदी के दूसरी तरफ जिले के आधा सैकड़ा गांवों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। कई सालों से अधर में पड़े निधानन डेरा के पुल निर्माण कार्य की रूकावट को दूर कर लिया गया है। विधायक नरेंद्र सिंह जादौन की पहल पर शासन ने पुल निर्माण के लिए 7 करोड़ 57 लाख रुपए की धनराशि कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को जारी कर दी है।
जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पुल निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। विधायक ने बताया कि क्षेत्र को लोगों की इस समस्या को उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था, मुख्यमंत्री ने इस समस्या को गंभीरता से लेते ही निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया है। जिससे अब इन गांवों में भी तेजी से विकास कराया जा सकेंगा।
बता दें कि कदौरा क्षेत्र में दर्जनों ऐसे गांव है, जो नदी के दूसरी तरफ पड़ते है। इसके साथ ही इस क्षेत्र से हमीरपुर जाने वाले लोगों को करीब 40 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता था। इस क्षेत्र के इकौना पाल मार्ग के मध्य निधानन डेरा पर पुल न होने से बरसों से इलाकाई लोग आवागमन की समस्याओं से जूझ रहे थे। यहां पर पुल निर्माण की काफी समय से मांग उठती रही है।
विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि इस जन समस्या को लेकर उन्होंने पुल के निर्माण का प्रस्ताव 2019 में मुख्यमंत्री को दिया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने निधानन डेरा सेतु के लिए कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को 7 करोड़ सत्तावन लाख का बजट रिलीज कर दिया है। इससे 71 मीटर लंबाई का पुल व संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। उधर क्षेत्र में पुल बनने की जानकारी मिलते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई ।
क्षेत्र के लोगों की माने तो नदीं के दूसरी तरह के गांवों में कोई सीधा रास्ता न होने से यह गांव आजादी के बाद से ही विकास से अछूते था, इन गांवों के लोग बिजली, पानी, सड़क के साथ साथ स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी जूझ रहे थे। लोगों का मानना है कि इस पुल के माध्यम से ग्रामीणों को न सिर्फ सुविधाएं होगी बल्कि गांवों का विकास ही होगा।
पुल बन जाने से इकौना, निधानन का डेरा, इटौरा बावनी, हरचंदपुर, जमरेही, रैला, जकसिया, पाली, अभिरुवा, लोदीपुर, गौहना, मंझवार, निस्बापुर, मिश्रीपुर, कुतुबपुर, खरोंज, मनकी सहित पांच दर्जन गांवों के लोंगो को लाभ मिलेगा। हमीरपुर जनपद के कुछ गांव भी सीधे इस पुल का निर्माण होने से जालौन से जुड़ जाएंगे।