उरई। जिले के उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण के उद्देश्य से जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक डीएम की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में हुई। उन्होंने कालपी में श्रीकृष्णा कोल्ड स्टोरेज से हाईवे को जोड़ने वाली 15 फीट सड़क अधूरी पड़ी होने पर प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना को फटकार लगाकर वेतन रोकने के निर्देश दिए।
विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक में डीएम राजेश कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजन में प्रगति बढ़ाने के लिए उपायुक्त उद्योग प्रभात सिंह व एलडीएम संदीप सिंहा को कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं में लक्ष्य की पूर्ति न हो पाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उन्होंने औद्योगिक आस्थान में अलग से बिजली फीडर बनाने के लिए विभाग को निर्देश दिए।
उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि अपने हस्ताक्षर से प्रबंध निदेशक दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड को पत्र भेजा जाए। कालपी में सोलर लाइटों के कार्य पूर्ण न होने पर कार्य कराने के निर्देश दिए।
कालपी कागज उद्योग के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी ने मांग करते हुए कहा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क बनाई जाए। इससे वाहन बाहर से निकल जाएं। इस पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी को जल्द ही कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
वहीं उन्होंने कहा कि पावर लूम बुनकरों की विद्युत बिल में सब्सिडी आने लगी है। जो बकाया सब्सिडी है, उसको भी शामिल किया जाए।
उन्होंने दुग्ध संघ से विकास अधिकारी के बैठक में न आने पर उनके निदेशक को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि जिले के किसी उद्यमी को किसी भी तरह की समस्या उद्योग लगाने में नहीं होनी चाहिए, जो भी समस्या हो उसका तुरंत निस्तारण किया जाए।
बैठक में सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, डीसी जीएसटी, अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण प्रथम, जितेंद्र नाथ, उद्यमी नरेंद्र तिवारी, विनीत गुप्ता, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।