उरई। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांतीय नेता गणेश द्विवेदी से मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर संगठन के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
चुर्खी थाना क्षेत्र के खांखरी निवासी गणेश द्विवेदी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 10 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह कुठौंद थाना क्षेत्र में स्थित अपने नाना के घर जा रहा था। रास्ते में चार लोगों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें कार से बाहर खींचकर लात-घूंसों से मारपीट की। इससे वह लहूलुहान हो गया था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया था।
गणेश द्विवेदी का आरोप है कि बाद में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और आरोपी रोहित को छोड़ दिया। इसके बाद से आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने रोहित उर्फ पीयूष, गौरव, गोलू और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि पुलिस ने शीघ्र गिरफ्तारी कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद आंदोलन करने को बाध्य होगा। एसपी ने पीड़ित को आश्वासन दिया है।