मकरेछा गांव में लगी चौपाल में मौजूद पीडी चित्रसेन।
- फोटो : अमर उजाला
डकोर विकास खंड क्षेत्र के डा, रामनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना में चयनित गांव मकरेछा में अधिकारियों ने चौपाल लगाकर गांव के लोगों की समस्याओं को सुना। इसके अलावा गांव का निरीक्षण कर विकास कार्यों की हकीकत परखी। उधर, मुहम्मदाबाद में जाम के कारण नोडल अधिकारी डा. हरिओम गांव नहीं पहुंच सके। चौपाल में मनरेगा मजदूरों ने
मजदूरी न मिलने की बात कही। अधिकारियों ने शिकायतों का जल्द निस्तारण करने का भरोसा दिया। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव व जिले के नोडल अधिकारी डॉ. हरीओम जिले के दो दिवसीय दौरे पर है। उन्हेें दूसरे दिन बुधवार को डकोर के मकरेछा गांव का निरीक्षण करने पहुंचना था। यहां से वह निकले भी लेकिन मुहम्मदाबाद में बंधौली घटना को
लेकर सड़क पर जाम लगा था। इससे उनका काफिला आगे नहीं बढ़ सका। इस पर वे लौट गए। मकरेछा में पहले से पहुंचे अधिकारियों ने चौपाल लगाई। जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम ने शिकायतों को सुना और निस्तारण करने का भरोसा दिया। इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव रमेश चंद्र उदैनियां ने गांव की विकास रिपोर्ट प्रस्तुत की। गांव के निरीक्षण में
अधिकारियों को लाइट चालू हालत में नहीं मिली। इस पर सचिव को फटकार लगाई गई। मनरेगा मजदूरों ने मजदूरी न मिलने की शिकायत की। इसके अलावा पेंशन एवं अन्य
समस्याओं के समाधान की मांग भी की गई। इस मौके पर जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना प्रबंधक चित्रसेन सिंह, उप कृषि निदेशक अनिल कुमार पाठक, समाज कल्याण अधिकारी जीआर प्रजापति, खंड विकास अधिकारी आलोक पांडेय, ज्ञानेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।