सिरसा कलार क्षेत्र में ससुराल वाले गर्भवती को हॉकी से पीटकर मायके छोड़ गए। रविवार की सुबह मायके वाले बेटी को लेकर उरई कोतवाली पहुंचे। यहां ससुरालियों के खिलाफ दहेज की मांग का आरोप लगाकर तहरीर दी। कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि प्रार्थना पत्र आ गया है। जांच पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
जालौन के ग्राम वीरपुरा निवासी रमेश ने पुलिस को बताया कि उसने दो साल पूर्व अपनी बेटी सुमन का विवाह सिरसा कलार क्षेत्र के गढ़गुवा निवासी सौरभ के साथ किया था। हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद से ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी सुमन के साथ मारपीट करने लगे। बेटी ने जब ससुराल वालों के अत्याचार के बारे में बताया तो पिता ने लोक लाज की दुहाई देकर बेटी को शांत करा दिया। पिता ने बताया कि बेटी तीन माह की गर्भवती है। शनिवार की देर रात ससुरालियों ने एक बार फिर सुमन के साथ गाली गलौज की।
उसने विरोध किया तो बेटी को लात, घूसों और हॉकी से पीटकर बेटी को मायके छोड़ दिए। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने शिकायत करने पर घरवालों को जान से मारने की धमकी दी है। पिता ने यह भी बताया कि ससुराली दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। इसी के चलते बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर आ गई है। यदि ससुराली दोषी हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।