कदौरा। नगर के सदर तालाब का नगर पंचायत सुंदरीकरण करा रहा है। मंगलवार को लखनऊ निदेशालय से आई तीन सदस्यीय टीम ने कराए जा रहे कार्यों को देखा और दिशा-निर्देश दिए।
सदर तालाब में गंदगी जाने से रोकने व अतिक्रमण मुक्त कराने के एनजीटी ने निर्देश दिए थे। इन्हीं बिंदुओं की जांच करने टीम पहुंची। टीम प्रभारी विपिन सचान ने बताया कि तीन माह पूर्व नगर पंचायत ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ( एसटीपी ) के लिए भूमि का चयन किया था, उसका निरीक्षण किया है। अपनी रिपोर्ट वह शासन को देंगे।
प्रभारी अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि ऐतिहासिक सदर तालाब को पर्यटन स्थल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बाउंड्री निर्माण के बाद पथ प्रकाश और टहलने की भी व्यवस्थाएं जल्द हो जाएंगी। टीम ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे कार्यों को परखा। इस दौरान तापस तरसौलिया, संदीप सेंगर, राधा बल्लभ चतुर्वेदी, प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।
इनसेट
जल्द शुरू कराएं एमआरएफ सेंटर
निदेशालय से कदौरा पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने कूड़ा निस्तारण के लिए बनाए गए एमआरएफ सेंटर का भी जायजा लिया। कांशीराम कालोनी के समीप स्थित एमआरएफ सेंटर के निरीक्षण के दौरान टीम नाखुश दिखी। दरअसल सेंटर का निर्माण तो हो गया है लेकिन उसके लिए अभी मशीनें नहीं पहुंचीं हैं। टीम ने जल्द से जल्द मशीन लगाने और सेंटर को शुरू करवाने के निर्देश दिए।