किशोरों के यौन उत्पीड़न का आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
यौन उत्पीड़न के आरोपी पूर्व लेखपाल और भाजपा नेता रामबिहारी पर पुलिस अपना शिकंजा और कसने जा रही है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी को रिमांड में लेकर कुछ और वीडियो बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा आवश्यकता पड़ी तो आरोपी की ब्रेन मैपिंग भी कराई जाएगी। बता दें कि आरोपी रामबिहारी के पास से पुलिस को लैपटॉप, डीवीआर और हार्ड डिस्क बरामद हुई थी। इसमें उसके नाबालिगों के साथ यौन उत्पीड़न के वीडियो सामने आए हैं।
एसपी का कहना है कि पुलिस को लग रहा है कि आरोपी के पास अभी कुछ और वीडियो हो सकते हैं, जिससे कुछ और पीड़ितों के चेहरे व नाम सामने आ सकते हैं। लिहाजा उसे रिमांड पर लेने का निर्णय किया गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अब तक यौन उत्पीड़न के तीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
उम्र पता लगाने के लिए झांसी भेजे गए नाबालिग
जिन दो नाबालिगों ने मंगलवार को रामबिहारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उनकी उम्र की जांच के लिए दोनों को शुक्रवार की दोपहर जिला अस्पताल भेजा गया था लेकिन यहां रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण दोनों को जांच के लिए झांसी भेजने का फैसला किया गया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच से दोनों पीड़ितों की सही उम्र सामने आ सकेगी।