माधौगढ़। कपड़ा व्यापारी की पत्नी ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह पत्नी का शव कुएं में मिला तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से थी अस्वस्थ थी। उसका सालों से इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तिलक नगर निवासी कपड़ा व्यवसायी सुनील गुप्ता का परिवार मंगलवार की रात घर पर सो रहा था। बुधवार की सुबह घरवाले उठे तो देखा कि पत्नी अनीता (46) घर से नदारद थी। इस पर परिजन उसे तलाशने निकले तो बाहर से ताला पड़ा होने पर उनके होश फाख्ता हो गए। पास पड़ोस के लोगों की मदद से किसी तरह ताला तुड़वाया गया। इसके बाद परिजनों ने अनीता की खोजबीन शुरू की। शाम के वक्त परिजनों को पता लगा कि विजय नगर स्थित महावीर मंदिर के सामने कुएं पर चाभी का गुच्छा व किसी महिला की चूड़ी पड़ी हैं। सीधे परिजन मौके पर पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कुएं में कांटा डालकर शव निकाला तो अनीता को सामने देख बेटियां शिखा, रौनक व बेटा यश चीखने चिल्लाने लगे। सुनील ने पुलिस को बताया कि करीब 17 साल पहले उनके बड़े बेटे की छत से गिरकर मौत हो गई। इसके बाद से ही पत्नी अनीता मानसिक रूप से थी। उसका इलाज बी चल रहा था। इंस्पेक्टर पी कुमार के मुताबिक मामला सुसाइड का ही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी देखी जाएगी।