कदौरा (जालौन)। घर पर बहन हाथों में मेंहदी सजाकर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में जाकर निकाह की तैयारी में थी, वहीं थाना पुलिस ने उसके भाई को मामूली सी बात पर थाने पर बैठाकर रुपयों की मांग शुरू कर दी। इस पर घर पर मौजूद निकाह में शामिल होने आए सारे रिश्तेदार थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। दुल्हन की मां ने फोन पर ही एसपी को जानकारी दी। तब जाकर पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता कराया।
दुल्हन की मां ने बताया कि सुबह घर पर निकाह की तैयारी चल रही थी। इसी के चलते बेटा पास की दुकान से कुछ सामान खरीदने गया था। वहीं दुकानदार से रेजगारी को लेकर विवाद हो गया। बेटे ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर थाने आ गई। बेटे ने पुलिस से बार बार कहा कि घर पर बहन के निकाह की तैयारी चल रही है लेकिन पुलिस वाले नहीं मानें।
मां ने पुलिस पर बेटे को छोड़ने के लिए रुपये मांगने का आरोप भी लगाया। कुछ देर बाद जब मामला एसपी की जानकारी में पहुंचा तब जाकर पुलिस ने दोनों ही पक्षों में समझौता कराकर उन्हें छोड़ दिया। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि रुपये मांगने का आरोप निराधार है। मामूली विवाद था, दोनों पक्षों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।