उरई। शहर के मोहल्ला बघौरा में चार दिन पूर्व किशोर की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीमों की जांच अब परिवार के करीबी लोगों के आसपास घूम रही है। कोतवाल शिवगोपाल वर्मा का कहना है कि जिस सुनसान नाले पर किशोर की गर्दन रेती गई है, वहां तक किसी परिचित के साथ ही जा सकता है। कुछ लोगों से पूछताछ होना बाकी है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
बता दें कि शहर के मोहल्ला बघौरा की घनी बस्ती में 26 दिसंबर को दिनदहाड़े हुए नौ वर्षीय किशोर अजहर पुत्र मजहरुद्दीन की किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना की जानकारी होने पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया था। सूचना पाकर एसपी, सीओ, कोतवाल भारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए थे और जांच पड़ताल की थी। इसके बाद फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम ने भी साक्ष्य इकट्ठा किए थे। अजहर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरूकर दी। पुलिस की टीमें मृतक के नजदीकियों के आसपास ही जांच कर रही है। वहीं पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की है। कोतवाल का कहना है कि अजहर के घर आने वाले हर नाते रिश्तेदार व पास पड़ोस के लोगों को भी जांच के दायरे में रखा जा रहा है, जल्द ही कोई न कोई सुराग पुलिस के हाथ जरूर लगेगा।