जालौन। जयपुर की महिला ने नगर की किशोरी के साथ फेसबुक पर दोस्ती की और बुधवार को उसे लेने उसके घर पहुंच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उरई में महिला थाने भेज दिया था। गुरुवार को जयपुर से महिला के भाई व भाभी कोतवाली आए। दोनों को पुलिस ने महिला थाने भेजा है।
जयपुर की एक मुस्लिम महिला की नगर की एक किशोरी से फेसबुक पर दोस्ती हो गई थी। फेसबुक पर हुई दोस्ती में बने संबंध फोन पर बातचीत से प्रगाढ़ हो गए। बुधवार सुबह महिला जयपुर से किशोरी के घर पहुंच गई और उसे साथ ले जाने लगी। लड़की भी जाने के लिए तैयार थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। इसके बाद लड़की के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी।
दिनभर समाधान न निकलने पर पुलिस ने देर शाम किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और महिला को महिला थाना उरई भेज दिया। महिला के बताए पते पर संपर्क पर परिजनों को बुलाया गया। गुरुवार को महिला के भाई अब्बास और उनकी पत्नी जयपुर से जालौन कोतवाली पहुंची। डा.यशवीर सिंह का कहना है कि महिला के परिजनों व महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जयपुर से भी महिला के बारे में जानकारी कर रही है। महिला गलत पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।