कालपी। जम्मू कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र में छापा मारकर एटीएम हैकर गैंग के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। कालपी क्षेत्र एटीएम हैकरों का हब माना जाता है। विभिन्न राज्यों की पुलिस कई बार इस क्षेत्र से एटीएम हैकरों को पकड़ चुकी है।
जम्मू कश्मीर प्रांत के डोडा जिले की पुलिस टीम मंगलवार को कालपी कोतवाली पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलाके से विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर एटीएम हैकर गैंग के तीन शातिरों को दबोच लिया। पुलिस टीम तीनों को डोडा ले गई है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि डोडा जिले में बैंक व एटीएम से धोखाधड़ी व जालसाजी करके लाखों रुपये की हेराफेरी की गई है। डोडा पुलिस की जांच में कालपी के युवकों के नाम सामने आए। इसके चलते डोडा पुलिस की टीम कालपी में आरोपियों को पकड़ने के लिए आई थी। डोडा पुलिस ने कालपी थाना पुलिस के सहयोग से मोहल्ला रामगंज निवासी रोहित, विकास वर्मा और इंदिरा नगर निवासी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया। जम्मू कश्मीर पुलिस तीनों आरोपियों को लिखापढ़ी व न्यायालय से वारंट जारी कराकर अपने साथ ले गई है।
----------
वाहन ओवरटेक करने पर चाकू से मारा
-पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार, चाकू बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कालपी। कालपी गुलौली मार्ग पर सोमवार की रात बाइक ओवरटेक करने को लेकर नाराज तीन युवकों ने बाइक सवार पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
गुलौली गांव निवासी मसरूर बाइक से कालपी से अपने गांव जा रहा था। रायड़ गांव के पास बाइक को ओवरटेक करने को लेकर तीन लोगों से उसका विवाद हो गया। इस पर नशे में धुत युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए उसे अस्पताल भेजा है। पुलिस ने बताया कि मामले में रायड़ गांव निवासी दीपू निषाद, अरविंद निषाद, अरविंद कुमार पर रिपोर्ट दर्जकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
----------
लेनदेन के विवाद में यमुना नदी में कूदा
कालपी। पैसों के लेनदेन के विवाद के चलते मंगलवार की शाम एक युवक ने यमुना पुल से नदी में छलांग लगा दी। यमुना किनारे मौजूद मछुआरों ने किसी प्रकार युवक की जान बचाई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक युवक राजपुर थाना क्षेत्र के पैरावल गांव का रहने वाला है। (संवाद)