उरई। युवक की पीटकर हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे पूर्व विधायक पर पुलिस जल्द इनाम की घोषणा कर सकती है। पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट की अनुमति मांगी है। एसपी का कहना है कि पूर्व विधायक व उनके पौत्र पर इनाम घोषित किया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र के घमूरी गांव निवासी स्कूल कर्मी जितेंद्र अहिरवार का लहूलुहान हालत में शव नौ अगस्त को कार सवार सीएचसी में छोड़कर भाग गए थे। मृतक के परिजनों ने पूर्व विधायकों पर हत्या का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया था। मृतक के पुत्र नितिन ने कांग्रेस के पूर्व विधायक रामप्रसाद व बसपा के पूर्व विधायक अजय सिंह पंकज व उनके दोनों बेटे अमन उर्फ मिक्की, राजा व अमित समेत एक अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस अजय सिंह उनके पुत्र अमन उर्फ मिक्की उसके साथी गोविंद व सलीम अहमद को जेल भेज चुकी है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि मृतक जितेंद्र की रामप्रसाद से नजदीकियां अधिक हो गई थीं। वह अपने बेटे व पौत्र की बात न मानकर उसकी आंख बंद कर बात मान लेते थे। वह लगातार अमन की झूठी शिकायत रामप्रसाद से कर रहा था।
घटना के बाद से ही पूर्व कांग्रेस विधायक राम प्रसाद अहिरवार उनका पौत्र राजा व साथी अमित अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी। लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही न्यायालय से वारंट भी जारी कराए जा रहे हैं। जल्द ही पूर्व विधायक समेत आरोपियों पर इनाम घोषित किया जाएगा।