पुलिस कार्यालय में खुलासा करते अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार
- फोटो : ORAI
उरई। माधौगढ़ और एट पुलिस ने अपने क्षेत्र के इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। माधौगढ़ क्षेत्र का ढाई हजार का इनामी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में तीन साल से फरार था। जबकि एट का आरोपी धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहा था।
दोनों ही मामलों का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अवधेश सिंह ने बताया कि माधौगढ़ कोतवाल बीएल यादव, उपनिरीक्षक राजीवकांत की टीम ने 2017 से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे राजू उर्फ बुद्व सिंह निवासी ऐदलपुर को क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस के साथ दबोचा। एएसपी ने बताया कि राजू ने तीन साल पहले अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। बाकी आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं पर राजू फरार चल रहा था। इसी तरह एट इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, उप निरीक्षक गणेश प्रसाद आदि ने भी थाना क्षेत्र के ढाई हजार के इनामी बदमाश जावेद अहमद उर्फ रऊफ निवासी कोंच को पिंडारी मोड़ के पास से तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। एएसपी ने बताया कि जावेद धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित चल रहा था।