उरई। जुमे की नमाज अदा कराने व शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए थे। वहीं डीएम मन्नान अख्तर व एसपी सतीश कुमार ने भी पुलिस फोर्स के साथ शहर की बजरिया में रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया।
शहर की सभी मस्जिदों व शहर के दलगंजन, आंबेडकर चौराहा, बाईपास, जिला परिषद, कोंच बस स्टैंड, करसान रोड, शहीद भगत सिंह चौराहों सहित स्टेशन, बस स्टैंड, जिला जजी के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। पुलिस से देर शाम तक पुलिस कर्मी ड्यूटी पर रहे। जिससे शहर में शांति व्यवस्था बनी रही और सभी मस्जिदों में जुमा की नमाज अदा की गई।
जालौन में शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते कहीं कोई नगर की शांति भंग करने की कोशिश न कर दे इसके लिए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा। सुबह से ही नगर की सभी जामा मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जा रही थी। नगर में सभी मस्जिदों में शांतिपूर्वक जुमे की नमाज अदा की गई। देश में अमन व चैन की दुआएं मांगी गई। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल सुनील सिंह मौजूद रहे। वहीं कालपी में जुमे की नमाज के बाद एसडीएम व सीओ संजय शर्मा, कोतवाल मानिकचंद्र ने मस्जिदों के बाहर जाकर इमामों से बातचीत की। वहीं अकीदतमंदों ने चैन व अमन की दुआएं मांगी।
वहीं कोंच में सीएए और एनआरपी को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय में फैले भ्रम और पिछले दिनों जगह जगह हुई हिंसा को देखते हुए राज्य में जारी अलर्ट और शासन के खास निर्देशों के तहत शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कानून और व्यवस्था की स्थिति में किसी तरह का खलल नहीं पड़ने देने के दृष्टिगत कस्बे की सभी मस्जिदों और इबादतगाहों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अन्य थानों का भी पुलिस बल जिले से भेजा गया था। लगभग जुमे की नमाज के समय सीओ आरपी सिंह की अगुवाई में फुट मार्च पर निकले कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी, इंसपेक्टर क्राइम शैलेंद्र सिंह आदि के अलावा शांति समिति के लोग हाजी रहम इलाही कुरैशी, सभासद जाहीद, शकील मकरानी आदि मौजूद रहे।
कोंच में पैदलमार्च करते एसडीएम व सीओ।- फोटो : ORAI
कालपी में जुमे की नमाज के बाद मौलानाओं से बात करते एसडीएम व सीओ।- फोटो : ORAI
बजरिया में रूट मार्च करते डीएम मन्नान अख्तर व एसपी सतीश कुमार- फोटो : ORAI
दलगंजन चौराहे पर लगा पुलिस फोर्स- फोटो : ORAI