उरई। कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना में भाइयों के बीच चल रहे पारिवारिक बंटवारे के विवाद को सुलझाने पहुंची डायल-112 पुलिस पर ही मारपीट और अभद्रता के आरोप महिला ने लगाया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्राम बबीना निवासी रविकांत व शशिकांत के बीच पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी क्रम में दोनों भाइयों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान रविकांत ने छोटे भाई शशिकांत के साथ मारपीट की। इस पर शशिकांत ने डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि रविकांत शराब के नशे में था और उसने पुलिसकर्मियों से भी बहस शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और रविकांत के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान रविकांत की पत्नी प्रियंका ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महिला प्रियंका का आरोप है कि वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा उसके पति के साथ मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके मोबाइल फोन निकालकर वीडियो डिलीट कराने का प्रयास किया। हालांकि वह इससे पहले वीडियो अपने परिजनों को भेज चुकी थी। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी ने थाना पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रविकांत को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस ने रविकांत का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। महिला ने मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि दो भाइयों के बीच झगड़े की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। रविकांत पुलिस से भी उलझने लगा था। जिस पर उसका शांतिभंग में चालान किया गया है।