कोंच। नगरीय क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी में तमाम मूलभूत सुविधाओं की कमी है। जिनका पुरसाहाल पूछने वाला कोई नहीं है। कॉलोनी के बाशिंदों ने बुधवार को एसडीएम से व्यवस्थाओं में सुधार कराने की गुहार लगाई है।
कांशीराम कॉलोनी के करीब आधा दर्जन बाशिंदों ने एसडीएम को दिए प्रार्थनापत्र में कहा है कि पालिका द्वारा स्थापित कराया गया वाटर कूलर पिछले तीन चार महीने से खराब पड़ा है। जिससे इलाकाई लोगों तथा राहगीरों को भीषण गर्मी में भी ठंडा पानी सुलभ नहीं हो पा रहा है। कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति के यहां बेटी की शादी भी है, इस लिहाज से भी वाटर कूलर सही कराया जाए ताकि उसका सही लाभ लोगों को मिल सके। उन्होंने एसडीएम से इन समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर पालिका को जरूरी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। इस दौरान उन्नति दिव्यांगजन विकास समिति के जिला प्रभारी संतोष कुमार वर्मा, बिहारी, रवि, राहुल, गुड्डी देवी आदि मौजूद रहे।