उरई। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने की वजह से अल्ट्रासाउंड के लिए आने वाले मरीज परेशान रहे। परेशान मरीजों ने निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाकर अल्ट्रासाउंड कराया।
जिला अस्पताल में रोजाना 50 से 60 मरीजों के अल्ट्रसाउंड होते हैं। यहां इकलौते रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ है। उनके अवकाश पर होने के कारण दिक्कत हो जाती है। डॉ. सौरभ सोमवार से चार दिन के अवकाश पर हैं। इसके चलते अल्ट्रासाउंड के लिए मरीज भटक रहे हैं। राजेंद्रनगर निवासी अंकित दीक्षित ने बताया कि उनकी मम्मी को पेट में दिक्कत थी। इमरजेंसी में दिखाया तो चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड की सलाह दी। यहां आने पर पता चला कि चिकित्सक अवकाश पर हैं।
कहा कि मां के पेट का दर्द ठीक नहीं हो रहा था तो उन्होंने एक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जाकर आठ सौ रुपये में अल्ट्रासाउंड कराया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि एक रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण समस्या हो जाती है। डॉ. सौरभ के अवकाश पर लौटने के बाद मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे।