उरई। जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ के सप्ताह में सिर्फ दो दिन बैठने के कारण मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। वह सप्ताह में सोमवार और गुरुवार को बैठते हैं।
ऐसे में उनके अवकाश पर जाने पर मरीजों को दिक्कत हो जाती है। सोमवार को चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश चंद्रा के अवकाश पर रहने के कारण उन्हें दिखाने आए मरीज परेशान रहे। रेलवे कॉलोनी निवासी रुदल साहनी ने बताया कि वह पत्नी को दिखाने चर्म रोग विशेषज्ञ के पास आए थे। पता चला कि वह सोमवार को अवकाश पर है। अब गुरुवार को आएंगे या नहीं, यह भी पता नहीं है। ऐसे में बिना दिखाए ही वापस लौट गए। सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय का कहना है कि डॉ. महेश चंद्रा के पास जिला कुष्ठ अधिकारी का भी चार्ज है। वह झांसी मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य के निर्देश पर सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को बैठते है। सोमवार और गुरुवार को भी उनके अवकाश पर रहने के कारण समस्या हो जाती है। वह इस बाबत उच्चाधिकारियों को पत्र लिखेंगे।
संचारी रोग अभियान में जिले का बेहतर प्रदर्शन
उरई। एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित हुए संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान में जिले ने अच्छा प्रदर्शन किया है। डब्लूएचओ द्वारा अभियान की मानीटरिंग में अच्छा प्रदर्शन बताया गया है। सभी विभागों ने अभियान में अच्छा काम किया है। सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न इंडीकेटर 98 से 100 प्रतिशत तक रहे हैं। सभी सहयोगी विभागों का विभिन्न गतिविधियों में राज्य औसत से अच्छा प्रदर्शन रहा।