कदौरा। नगर क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा में डॉक्टरों की लापरवाही और मनमानी के चलते मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहां इमरजेंसी में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए, वहीं इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की अनुपस्थिति आम हो चुकी है। सोमवार सुबह दूरदराज़ से आए मरीज अस्पताल में घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचे।
धूप व तेज़ गर्मी में मरीजों को अस्पताल परिसर में खुले में बैठना पड़ा। कई मरीजों ने बताया कि वह सुबह से पर्चा बनवाकर इलाज के इंतजार में बैठे हैं, लेकिन डॉक्टरों की गैरमौजूदगी के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को झेलनी पड़ी। मरीज अजय ,बाबू, संतोष दयाराम, राम, यासीन, नर्मदा व रामप्यारी आदि ने बताया कि उन्हें घंटों इंतजार के बाद भी कोई डॉक्टर नहीं मिला। कई मरीज तो मजबूरी में प्राइवेट क्लीनिक दिखाने को मजबूर हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। लंबे समय से सीएचसी कदौरा में डॉक्टरों की मनमानी जारी है। देर से आना और मरीजों के साथ लापरवाह रवैया आम हो गया है। मरीजों का आरोप है कि अधिकतर जांचें भी अस्पताल में नहीं होतीं और उन्हें बाहर से करवाने को मजबूर किया जाता है। वहीं इस मामले में सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा का कहना है कि सीएचसी को शिकायतों को गंभीरता से लेकर जांच कराई जाएगी।