उरई। दिव्यांग बच्चों को बेसिक शिक्षा विभाग ने भत्ता देने की योजना बनाई है। उन्हें दस माह तक प्रति माह छह सौ रुपये की दर से छह हजार रुपये दिए जाएंगे। जिले में 75 ऐसे दिव्यांग बच्चों को इस योजना के तहत भत्ता दिए जाने की तैयारी है।
शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चों को स्कूल तक आने में परेशानी होती है। बेसिक शिक्षा विभाग की समेकित शिक्षा अभियान के तहत ऐसे अभिभावक जो अपने बच्चों को स्कूल तक छोड़ने आते है, उन्हें छह सौ रुपये प्रतिमाह की दर से दस माह तक भत्ता दिया जाएगा। शिक्षक ऐसे अभिभावकों का चिह्नांकन करेंगे।
इस योजना के समन्वयक एसडी चौधरी ने बताया कि इस योजना से जिले के 75 बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य आया है। इस योजना के तहत बच्चों के अभिभावकों तक साल में छह हजार रुपये पहुंचेंगे। छह सौ रुपये प्रतिमाह की दर से दस माह तक भत्ता देने की योजना है। बीएसए चंद्रप्रकाश ने बताया कि ऐसे बच्चों को चिह्नित करने के बाद उनके अभिभावकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। इससे बच्चे नियमित स्कूल आएंगे तो उनका शैक्षिक स्तर भी बेहतर होगा।
प्रवेश स्वागत उत्सव के लिए सौंपी जिम्मेदारी
उरई। वैसे तो परिषदीय स्कूल 25 जून से खुल जाएंगे पर बच्चे 28 जून से पढ़ने आएंगे। पहले दिन स्कूल आने वाले बच्चों का रोली तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। साथ ही उन्हें स्वादिष्ट हलुआ खीर भी खिलाई जाएगी। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय 24 अधिकारियों की टीम गठित की है। इस टीम को ब्लॉक व नगरीय क्षेत्र के 24 स्कूलों का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वह प्रवेश स्वागत उत्सव में मौजूद रहकर पूरी रिपोर्ट दें। (संवाद)