वोट देने को कार से लौटे परदेसी वोटर
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का घमासान इससे अधिक और क्या देखने को मिलेगा कि जीत की माला गले डालने के लिए प्रत्याशी अपने वोटरों को महाराष्ट्र और गुजरात से उनके गांव घरों को ले आए। वोटर भी अपने नेताओं को जिताने के कार और बसों के माध्यम से जिले में पहुंचने भी लगे हैं। इन मतदाताओं में चुनाव का उत्साह भी भरपूर दिखाई दे रहा है।
बता दें कि तीसरे चरण के अंतर्गत सोमवार यानी 26 अप्रैल को मतदान होना है। खासतौर से जिला पंचायत सदस्य और प्रधानी के चुनाव में सबसे अधिक मारामारी है। एक-एक वोट के लिए प्रत्याशी ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी कड़ी में गैर राज्यों में काम धंधे के लिए बसे जिले के लोगों को वोट के वापस बुलाने का रविवार को अंतिम दिन था। लिहाजा हाइवे पर कार और बसों से लौटते परदेसियों की भीड़ भी नजर आई। उरई हाइवे पर बस से पहुंचे रहीस, सोहराब, सलीम आदि ने बताया कि वे महाराष्ट्र में काम करते हैं। यहां रिश्तेदारी के लोग रामपुरा ब्लाक से चुनाव में खड़े हैं, उन्हें वोट देने के लिए ही आए हैं। इसी तरह कार सवार गुजरात से लौट रहे लोग भी वोट देने के लिए कदौरा ब्लाक जा रहे थे।
उधर, पंचायत चुनाव को लेकर राजनैतिक दलों में खींचतान दिखाई दे रही है। जिला पंचायत सदस्यों की जारी सूची होने के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर लालाराम अहिरवार के निर्देश पर रामकुमार दोहरे, बब्बू भदौरिया, दुष्यंत गौतम, नंदकिशोर जाटव समेत चार लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। सोशल मीडिया पर इन चार बसपाइयों पर कार्रवाई की खबर चलती रही।