जालौन क्षेत्र में खेत में टिड्डी देखते अधिकारी
- फोटो : ORAI
जालौन। नदीगांव के महतवानी गांव के बाद मंगलवार को पाकिस्तानी टिड्डी दल ने जालौन तहसील के गांव सिकरी राजा के खेतों पर हमला बोल दिया। किसानों की सूचना पर एसडीएम सुनील शुक्ला स्वयं दमकल के साथ मौके पर पहुंचे और रसायन का छिड़काव कराकर टिड्डियों को मार गिराया। एसडीएम ने बताया कि दल में काफी कम संख्या में टिड्डियां थीं, जिनके खात्मे के लिए रात तक रसायन का छिड़काव किया जाएगा। फिलहाल मैंथा को दल के कारण कितना नुकसान हुआ है, अभी बताना संभव नहीं होगा।
विकास खंड के ग्राम सिकरीराजा में मंगलवार शाम टिड्डियों के छोटे दल को कुछ किसानों ने देखा। टिड्डियों के आने की खबर लगते ही किसानों में हड़कंप मच गया और किसानों ने थाली व अन्य बर्तन बजाने शुरू कर दिए। तब तक सूचना पाकर एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला भी लाव लश्कर के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ सुबोध गौतम, कृषि विभाग व फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने पहुंचते ही दमकलों से रसायन का छिड़काव शुरू करा दिया।
खेत में खड़ी घास व पेड़ों पर बैठे छोटे टिड्डी के दलों पर दवा का छिड़काव कराकर उन्हें मार गिराया। आसपास भी दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि यह वही दल है, जिसने चार दिन पूर्व महतवानी पर हमला बोला था। इनकी संख्या 1000 के भीतर ही थी। फिलहाल अधिकांश ट्िड्डियां खत्म कर दी गई हैं। वहीं दोबारा हमले की आशंका को लेकर ग्रामीणों की भीड़ देर रात तक मैंथा के खेतों में डटे रहे और रसायन छिड़काव के अलावा थाली व बर्तन भी बजाते रहे।
जालौन टिड्डी दिखाते सीओ सुबोध गोतम- फोटो : ORAI