आटा (जालौन)। इटौरा मार्ग से आ रहा ओवरलोड ट्रक हाईवे के बीच सड़क पर खराब हो गया। कालपी की ओर से आ रहे वाहनों से हाईवे पर जाम लग गया। 40 मिनट बाद खराब ट्रक को सही हुआ तब तक एक किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई।
रविवार की शाम पांच बजे आटा-इटौरा मार्ग से आ रहा ओवरलोड ट्रक जैसे ही हाइवे पर चढ़ा अचानक बीच सड़क पर जाकर खराब हो गया। इससे कालपी के तरफ से आ रहे वाहनों को रुकना पड़ा। धीरे-धीरे इन वाहनों की एक किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। इसमें छोटे बड़े कई वाहन फंस गए। जाम की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
ट्रक चालक ने मिस्त्री को बुलाकर खराब ट्रक को सही कराया। इसके बाद 40 मिनट बाद जाम खुल सका। जोल्हूपुर मोड़ पर निर्माणधीन ओवरब्रिज के चलते भारी वाहनों का संचालन आटा-इटौरा मार्ग से किया जा रहा है। जिससे आटा इटौरा मार्ग उखड़कर ध्वस्त हो चुका है। इस मार्ग से गुजरने वाले दो पहिया वाहन सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीओ कालपी देवेंद्र पचौरी कहना है कि पुलिस को भेजकर बाधित यातायात शुरू कराया गया। आटा इटौरा मार्ग को बनवाने के लिए विभाग को जानकारी दे दी गई है।