गोशाला में गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
ग्राम पंचायत अधिकारी ने भूसे चारे का स्टाक भी देखा
फोटो 3 कदौरा के ग्राम खुटमिली गोशाला का निरीक्षण करते अधिकारी।
संवाद न्यूज एजेंसी।
कदौरा। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को ग्राम पंचायत अधिकारी जगत नारायण कुशवाहा ने गोशालाओं का हाल देखा। गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत अधिकारी ने ब्लॉक क्षेत्र के गांव खुटमिली, कुशमरा बावनी, उदनपुर, बागी व शहादतपुर गांव में संचालित गोशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ सफाई भूसे चारे के स्टॉक को देखा। उन्होंने चरवाहों को निर्देश दिए कि बछिया व बछड़ों को अलग रखें। गोशालाओं में नियमित अलाव जलवाने के निर्देश दिए। इसी तरह सहादतपुर गांव की गोशाला में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। सफाई कर्मी को भी चेताया। उन्होंने ग्राम प्रधानों से ऐसे पशुपालकों की सूची बनाने के लिए कहा, जिन्होंने अपने मवेशियों को छोड़ दिया है। बताया कि ऐसे पशुपालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाए। प्रधान जयराम, महेंद्र यादव, महेरबान सिंह, राजबहादुर सहित गोशाला कर्मी व ग्रामीण मौजूद रहे।
-गर्भवती गायों के खानपान का रखा जाए ध्यान
कदौरा। दिन प्रतिदिन बढ़ रही ठंड को देखते हुए मंगलवार को पशु चिकित्साधिकारी डॉ नीरज सचान ने कस्बा की कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती गायों व बछड़ों को अलग रखने का इंतजाम कराया। इनके खान पान का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। पशुपालन कर्मियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के आदेश दिए। बताया कि गोशाला में ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था की जाए। कुल 12 कर्मियों को दो शिफ्ट में देखरेख के लिए लगाया गया है। (संवाद)