उरई (जालौन)। भाकियू की मासिक पंचायत गल्ला मंडी परिसर में भगवानदास मास्टर की अध्यक्षता में हुई। इसमें आंदोलनरत किसानों के समर्थन में मंगलवार से टोलियों में दिल्ली कूच करने का निर्णय लिया गया। किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
भाकियू जिलाध्यक्ष डॉ द्विजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार किसान कानूनों को गलत तरीके से परिभाषित कर किसानों को गुमराह कर रही है। कानूनों को निरस्त कर किसान हित में नए कानून बनाए जाएं। दिनेश प्रताप सिंह गौर ने कहा कि अन्ना मवेशियों से किसान परेशान हैं। गोशालाओं का प्रबंधन ठीक न होने के कारण अन्ना जानवर खेतों से लेकर सड़क तक घूम रहे हैं।
देवकरन सिंह ने लो वोल्टेज की समस्या उठाई। आंदोलन में मृत किसानों को शहीद बताकर श्रद्धांजलि भी दी गई। रामकुमार पटेल, डॉ पीडी निरंजन, कर्णवीर सिंह, हरीशंकर, अमर सिंह, भानसिंह, मंगल सिंह, भगवत सिंह, कौशल किशोर, घनाराम पाल आदि मौजूद रहे।