उरई (जालौन)। पैदल जा रहे नगर पालिका कर्मचारी को देर रात किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेलनगर निवासी पालिकाकर्मी बाबूराम (55) पुत्र हरिदास रैकवार शनिवार की देर रात दलगंजन चौराहे के पास पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह डिवाइडर पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक के दो बेटी पूजा व प्रियंका हैं। प्रियंका की शादी हो चुकी है। वह मूलरूप से समथर जिला झांसी के रहने वाले थे और उरई नगर पालिका में चतुर्थश्रेणी कर्मचारी थे।
बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक घायल
आटा। संदी निवासी भगवान दास विश्वकर्मा उम्र 35 वर्ष पुत्र नारायण दास विश्वकर्मा से बाइक से भोगनीपुर किसी काम से गया था, देर शाम भोगनीपुर से लौटते समय झांसी कानपुर हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों टोल की एंबुलेंस को सूचना दी, मौके पर पहुंची हाईवे नेशनल एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।