अंतिम संस्कार स्थल पर खड़े अधिकारी व पुलिस
- फोटो : ORAI
कुठौंद (जालौन)। खेरा जमलापुर गांव में गोली लगने से मृत युवक का रविवार को पुलिस के पहरे में अंतिम संस्कार किया गया। एसडीएम और दो सीओ भी निगरारी करते रहे। जमीन विवाद में हुई फायरिंग में युवक समेत चार लोग घायल हुए थे। तीन का झांसी में इलाज चल रहा है। दोनों पक्षों में तनाव के चलते गांव में पुलिस तैनात है।
खेरा जमलापुर के अशोक और कृष्ण कुमार में जमीन पर कब्जे के लिए करीब डेढ़ दशक से रंजिश चल ही है। इसी विवाद में गुरुवार को दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग हो गई थी। इसमें अशोक के भतीजे शीवेंद्र की कमर में गोली लग गई थी। उसका झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था।
शनिवार सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन दिल्ली ले जा रहे थे, रास्ते में शिवेंद्र की मौत हो गई। मौत की सूचना पर गांव में तनाव और बढ़ गया। इसे देखते हुए गोहन, सिरसाकलार, एट, रेढर, माधौगढ़, कुठौंद थाने की पुलिस रात में ही गांव में लगा दी गई थी।
सुबह एसडीएम माधौगढ़, सीओ माधौगढ़ के अलावा सीओ जालौन, सीओ कोंच एक ट्रक पीएसी के साथ गांव पहुंचे। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा। पुलिस व अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।