माधौगढ़ (जालौन)। सिंचाई विभाग की लापरवाही से तहसील क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ जमीन जलमग्न हो गई, जिससे किसान भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य रवींद्र सिंह की अगुवाई में पचास से ज्यादा किसानों ने मुआवजे को लेकर तहसील परिसर पर एक घंटे तक सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सालिकराम को सौंपा।
किसानों का आरोप है कि कैलोर माइनर पक्की न होने से डेढ़ दर्जन किसानों की दस एकड़ फसल जलमग्न हो गई। रूदपुरा के दो दर्जन किसानों की लगभग 40 बीघा फसल जलमग्न हो गई है। रजबहा से पानी रिसाव से मिहौनी, जमरेही, हरौली, सुल्तानपुरा के आधा सैकड़ा किसानों की फसल जलमग्न हो गई है।
सिंचाई विभाग द्वारा शीघ्र मुआवजा नहीं दिया गया तो किसान धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इस मौके पर विजय कुशवाहा, जसवंत सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, विंदा सिंह, विकास सिंह, कोमल सिंह, जितेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, रामतीरथ दोहरे, छदामी, रामधीन, गुड्डी, भगवान सिंह आदि मौजूद रहे।