मेडिकल कॉलेज मे स्टाफ नर्स मृतका लीना के परिवार के साथ स्टाफ के लोग
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। सप्ताह भर पूर्व कोरोना संक्रमित मेडिकल कालेज की नर्स की शनिवार रात इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई। हालांकि तीन पूर्व ही नर्स की दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके चलते शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रविवार की सुबह शव लेकर परिजन मेडिकल कालेज स्थित नर्स के आवास पहुंचे। कालेज प्रबंधन ने परिजनों को आश्वस्त किया कि शासन से जो भी संभव हो, वह सहायता दिलाई जाएगी।
मेडिकल कालेज की नर्स लीना (42) की कोरोना जांच रिपोर्ट 13 नवंबर को पाजिटिव आई थी। दो दिन मेडिकल कॉलेज में इलाज हुआ। इसके बाद 15 नवंबर को झांसी रेफर कर दिया गया था। 18 नवंबर को दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। वह अस्पताल में ही भर्ती थीं। शनिवार को हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद मौत हो गई। रविवार को मेडिकल कॉलेज स्थित आवास शव लाया गया।
परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से शासन से सहायता दिलाने की मांग की। प्राचार्य ने मदद का आश्वासन दिया। प्राचार्य डॉ द्विजेंद्र नाथ ने बताया कि नर्स डायबिटीज और लीवर की बीमारी से पीड़ित थी। कोरोना काल में नर्स ने बेहतर सेवाएं दी थीं। निधन पर मेडिकल कालेज के कर्मचारियों व अधिकारियों ने शोक जताया।