कदौरा (जालौन)। कस्बे में शनिवार रात बरात में छुड़ाई गई चिंगारी से दो घरों में आग लग गई। आग पर काबू करते समय पिता-पुत्र झुलस गए और एक मवेशी की मौत हो गई व एक मवेशी झुलस गया। मोहल्ले के लोगों ने आग पर काबू कर पिता और पुत्र को सीएचसी में भर्ती कराया। लोगों ने गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।
कदौरा के मोहल्ला पुरवाकुयाता स्थित गेस्ट हाउस में विवाह कार्यक्रम था। अगवानी के समय आतिशबाजी छुड़ाई जाने लगी। आतिशबाजी से निकली चिंगारी से मन्नीलाल और रामदीन के कच्चे मकानों व पशुबाड़े में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घर के अंदर लोग मौजूद थे, उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। आग बुझाने के दौरान मन्नीलाल (60) और उनका बेटा सीताराम (35) झुलस गए।
आग की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई और एक मवेशी झुलस गया। पिता, पुत्र को सीएचसी में भर्ती कराया गया। आग से मन्नीलाल का 50 हजार और रामदीन का 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मुन्नीलाल
ने बताया कि फायर बिग्रेड को सूचना देने के लिए फोन किया था, लेकिन फोन नहीं लगा।
सभासद प्रतिनिधि रवि प्रजापति अशोक कुमार, संतोष, आरिफ , शिवकुमार, प्रमोद शिवदेवी, मंजू, विनीता आदि ने पुलिस को शिकायतीपत्र देकर गेस्ट हाउस संचालक पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने आरोप लगाया कि मोहल्ले में गेस्टाउस होने से आए दिन विवाद होता है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।