कदौरा (जालौन)। थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी में बेटे की शादी का कार्ड देने जा रहे हमीरपुर के अधेड़ की बाइक में हमीरपुर के ही सरीला बीडीओ की बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे मौत हो गई, जबकि युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के वक्त बोलेरो में बीडीओ मौजूद थे। बोलेरो छोड़कर चालक भाग गया। जलालपुर पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।
हमीरपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के रिरूवा गांव निवासी रामआसरे उर्फ टिर्रा (50) पुत्र वंशी श्रीवास अपने पुत्र कमल की शादी का कार्ड बांटने रिश्तेदार हरिकिशन के साथ बाइक से कदौरा आ रहे थे, तभी ग्राम पथरेहटा व चंदरसी तिराहे के पास बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
टक्कर इतनी तेज थी कि रामआसरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव वालों ने सूचना जलालपुर पुलिस को दी, तो पुलिस ने बोलेरो को पकड़ लिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि बीडीओ सरीला की बोलेरो थी और हादसे के समय गाड़ी में वह भी बैठे थे। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
बोलेरो को कब्जे में लेने के लिए पुलिस फोर्स जलालपुर भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। उधर, रामआसरे के छोटे बेटे कमल की शादी 8 दिसंबर को है। इसको लेकर घर में खुशी का माहौल था। रामआसरे रिश्तेदारी में कार्ड बाटने जा रहे थे, हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
लोडर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
कालपी। देर शाम कोतवाली क्षेत्र के लोहर गांव निवासी बाइक सवार इंद्रपाल (30) को सामने से आ रही लोडर ने टक्कर मार दी। जिससे अस्पताल ले जाते वक्त इंद्रपाल की मौत हो गई। चालक लोडर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है। मौके से कोई हेलमेट भी नहीं मिला है। (संवाद)