उरई (जालौन)। अवैध संबंधों के विरोध में युवक ने महिला की नाक चाकू से काट दी। महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से झांसी रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी सुधाकर मिश्रा का कहना है कि फिलहाल थाने में न किसी से सूचना दी और न ही तहरीर मिली है, फिर भी जांच की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मोहल्ला निवासी एक 40 वर्षीय महिला की ससुराल कोंच के भेड़ में है और वह रामनगर स्थित मायके में रहती है। पति से तीन चार साल से विवाद है और बच्चे भी पति के साथ रहते हैं। महोबा के चरखारी निवासी युवक से जान पहचान है।
युवक रविवार को रामनगर पहुंचा और जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा, जिस पर विवाद हुआ तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल कालेज में इलाज कराने के बाद युवक रिश्तेदार के घर चौरसी गांव ले गया। गांव में भी युवक ने शादी की बात की, जिस पर मना कर दिया।
सोमवार की सुबह चार बजे चौरसी गांव से वापस मायके लौटते समय युवक ने फल के ठेले पर रखे चाकू से उसकी नाक काट दी और भाग निकला। इसके बाद राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला ने बताया कि करीब पांच साल पहले पति दिल्ली ले गया था, जहां पर उसे बेच दिया था। वहीं पर उसकी मुलाकात इस युवक से हुई थी। महिला के मुताबिक, युवक उसकी तलाश दो-तीन दिन से कर रहा था। रविवार को उसने मोहल्ले में जब खुद को उसका पति बताया, तब किसी ने घर का पता बता दिया।