उरई (जालौन)। राठ रोड ओवरब्रिज के पास शनिवार को पटरी पार कर रहा साइकिल सवार इंजन आता देख हड़बड़ा गया और साइकिल पटरी पर छोड़कर भाग। साइकिल इंजन में फंसने से करीब 15 मिनट तक ट्रैक बाधित रहा। आरपीएफ ने साइकिल को निकालकर इंजन रवाना कराया।
उरई रेलवे स्टेशन के राठ रोड ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह करीब 9:50 बजे एक साइकिल सवार पटरी (ट्रैक) पार कर रहा था। झांसी से इलैक्ट्रिक इंजन मालगाड़ी आ रहा था। हड़बड़ाहट में साइकिल पटरी में फंस गई। इस पर सवार साइकिल छोड़कर भागा। जब तक चालक मिथलेश ने इंजन को रोका तब तक इंजन का कैटल गार्ड साइकिल से टकरा गया। साइकिल फंसने से इंजन 15 मिनट खड़ा रहा। चालक कंट्रोल रूम और डिप्टी एसएस एसके खरे को सूचना दी।
कुछ देर में आरपीएफ दरोगा देशराज, डीपी सिंह, लाखन सिंह, आरके सिंह पहुंचे और इंजन में फंसी साइकिल को निकाला। 10:15 इंजन रवाना किया गया। हादसे के बाद पटरी पार करने वालों को आरपीएफ ने खदेड़ा। आरपीएफ इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि साइकिल सवार का हुलिया कुछ लोगों ने बताया है। उसकी तलाश की जा रही। साइकिल सवार इंदिरानगर का निवासी बताया जा रहा है।
पटरी किनारे सिपाही तैनात
रेलवे पटरी के दोहरीकरण का काम चलने के कारण ओवरब्रिज के नीचे से आवाजाही बंद कर दी गई है। कुछ लोग पटरी पार कर निकलते हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि अब यार्ड में एक सिपाही को तैनात कर दिया गया है। वह पटरी पार करने वालों को रोकेगा।
ट्रैक के पास मिला नशेड़ी
उरई। जिस जगह घटना हुई, वहीं एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत पड़ा था, जिसे देखकर लोगों को लगा कि शायद यही साइकिल वाला है, जो सदमे के कारण बेहोश हो गया है। बाद में कुछ लोगों ने बताया कि साइकिल सवार तो हादसे के बाद साइकिल छोड़कर भाग गया। यह व्यक्ति सुबह से ही शराब के नशे में यहां पड़ा हुआ है।
दो जगह ट्रेन की चपेट में आए अन्ना मवेशी
उरई। अन्ना मवेशी रेलवे ट्रैक के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। शुक्रवार की रात बांद्रा से चलकर गोरखपुर जाने वाली ट्रेन से एट-भुआ सेक्शन में धगुवा रेलवे क्रासिंग पर चार अन्ना मवेशी कट गए। इसके चलते ट्रेन बीस मिनट तक खड़ी रही। कामाख्या एक्सप्रेस को उरई स्टेशन पर रोककर चलाया गया। वहीं झांसी से कानपुर जाने वाली मालगाड़ी के सामने उरई सरसौखी रेलवे सेक्शन पर दो मवेशियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इससे ट्रेन करीब बीस मिनट खड़ी रही। चालक ने सूचना डिप्टी एसएस एसके खरे को दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। (संवाद)
ट्रेन से कटकर जान दी
उरई। गोरखपुर से यशवंतपुर जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस 02591 से उरई भुआ सेक्शन में अजनारी रोड रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक (45) ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। चालक ने इसकी सूचना डिप्टी एसएस एससी अग्रवाल को दी। इस पर आरपीएफ व जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त शव को ट्रैक से हटाया। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। (संवाद)