उरई/कदौरा। कदौरा पेट्रोल पंप पर चार दिन पहले हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चतेला गांव के पूर्व प्रधान के बेटे समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूट की रकम और असलहे बरामद किए गए हैं।
एसपी डॉ यशवीर सिंह ने शुक्रवार शाम पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि बबीना में पेट्रोल पंप पर 26 अक्तूबर को दो बाइक से आए पांच लोगों ने तमंचे के बल पर दो सेल्समैन से 30 हजार रुपये लूट लिए थे। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कर ली गई थी। एसओजी, सर्विलांस समेत तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था।
शुक्रवार को पुलिस ने चतेला गांव के शाहरुन पुत्र इदरीश, आरिफ पुत्र अनवार, अशफाक पुत्र अल्ताफ, अक्शारुद्दीन पुत्र अक्सार, इदरीश पुत्र रमजान और कदौरा के मोहल्ला हवेली निवासी सौरभ गुप्ता पुत्र राकेश गुप्ता को दबोच लिया। उनके पास से 32 बोर का तमंचा, दो कारतूस, 315 का तमंचा, दो कारतूस और लूट के 22 हजार पांच सौ रुपये बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया शाहरुन चतेला के पूर्व प्रधान इदरीश का बेटा है।
इदरीश का भी आपराधिक इतिहास रहा है। पंप लूट के मामले में इदरीश 120 का आरोपी था। उस पर कदौरा थाने में आठ और कालपी कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज है। शाहरुन खुद को पालीटेक्निक का छात्र बता रहा है। इसकी जांच की जाएगी। लुटेरों में एक बीटेक का छात्र होने की चर्चा भी रही लेकिन सीओ ने ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया है।
इदरीश से हुआ था पंप कर्मियों का विवाद
सीओ कालपी आरपी सिंह ने बताया कि लूट की घटना से करीब एक घंटे पहले इदरीश का पंप कर्मियों से पेट्रोल भराने को लेकर विवाद हुआ था। इदरीश ने एक घंटे में देख लेने की धमकी दी थी।