उरई। साइबर ठगों का शिकार हुए 11 लोगों के पैसे गुरुवार को पुलिस ने वापस दिला दिए। बैंक खाता, एटीएम और पैन अपडेट करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने पैसे निकाले थे।
एसपी डॉ यशवीर सिंह ने बताया कि खाते में करीब पांच लाख इक्यावन हजार एक सौ पैंतालिस रुपये वापस कराए गए हैं। इसमें सुरेंद्र कुमार निवासी जालौन से 48 हजार, गौरव कुमार निवासी उमरी से 20 हजार रुपये, अभय प्रताप सिंह निवासी मोहल्ला पटेल नगर से 2 हजार, मनीष कुमार निवासी महेशपुरा थाना नदीगांव से 27 हजार रुपये, रामदेवी निवासी मोहल्ला इंदिरा नगर से 24 हजार, सरोज देवी निवासी धौलपुर थाना कैलिया से 85 हजार, स्नेह लता निवासी मोहल्ला पटेल नगर से एक लाख 90 हजार, रवि सोलंकी से 34 हजार पांच सौ, अशोक कुमार निवासी पुलिस लाइन से 4 हजार, कशिश गुप्ता निवासी मोहल्ला गांधी नगर से 35500 और ज्योति निवासी मेडिकल कॉलेज से 80 हजार रुपये की ठगी की थी।
एसपी ने बताया कि ऑनलाइन ठगी होने के 24 घंटे में पीड़ित एसपी और एएसपी कार्यालय में शिकायत कर दें। इससे उनका पैसा मिल सकता है। उन्होंने लोगों से किसी को फोन पर बैंक, एटीएम, पैन और आधार आदि की जानकारी न देने की अपील भी की है।