कदौरा। थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले हमीरपुर में वैद्य की हुई हत्या के मामले का खुलासा पुलिस अभी तक नही कर पाई है। हत्या का खुलासा न होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि घटना का निरीक्षण करने आए एसपी ने आश्वासन दिया था कि जल्द खुलासा किया जाएगा, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
बता दे कि 22 जुलाई को थाना क्षेत्र के ग्राम इकौना के जंगल में हमीरपुर जिले के मेरापुर गांव निवासी कालीचरण (65) पुत्र लोकनाथी का शव मिला था। जिसके गले में रस्सी बंधी थी और चेहरा ईंट से कुचला हुआ था। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। सूचना पर थाना पुलिस के साथ साथ जिले के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों की सूचना दी थी। मृतक के पुत्र हरिश्चंद्र ने पुलिस को बताया था कि उनको कुरारा निवासी कुछ लोग चार पहिया वाहन से इलाज कराने के बहाने लिवा लाए थे। पुत्र ने वाहन सवार लोगों में से कई की पहचान भी बताई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस को जल्द से जल्द हत्या के खुलासे के निर्देश दिए थे साथ ही खुलासे के लिए तीन टीमों को भी लगाया था, लेकिन इतने सब के पाच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। अभी तक पुलिस न तो हत्या का खुलासा कर पाई है और ही किसी भी आरोपी को गिरफ्तार किया है। हत्या का खुलासा न होने से परिजनों में रोष व्याप्त है, वही प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि टीमें लगी हुई है जांच की जा रही है जल्द खुलासा किया जाएगा।