जालौन। टप्पेबाजों ने बैंक से रुपये निकालकर आए किसान की बाइक की डिकी में रखे 20 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित किसान ने कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर टप्पेबाजों की तलाश शुरु कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेखी निवासी मेवालाल का इलाहाबाद बैंक मंडी शाखा में खाता है। शुक्रवार
की दोपहर वह बाइक से बैंक से रुपये निकालने के लिए आए थे। बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रख लिए। इसके बाद उन्होंने मंडी में कुछ काम निपटाया और देवनगर चौराहे पर घरेलू सामान की खरीददारी करने लगे। तभी टप्पेबाजों ने बाइक की डिग्गी खोलकर उसमें रखे रुपये उड़ा लिए। सामान खरीदने के बाद जब उन्होंने डिग्गी खुली देखी तो उन्हें शक हुआ और डिग्गी में देखा तो रुपये गायब थे। जिसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली में सूचना दी। किसान की सूचना पर चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ही टप्पेबाजों की तलाश शुरू की।