मुहम्मदाबाद। गोशाला में युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक के गले में नाइलोन की रस्सी का फंदा भी पड़ा था। गांव के लोगों ने शव पड़ा देखा तो अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने पुत्र की हत्या कर फंदे पर लटकने का रूप दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गांव निवासी चंद्रशेखर का 18 वर्षीय पुत्र पवन कुमार का शव मंगलवार की सुबह गांव की गोशाला में मिला। उसके शरीर पर भी चोट के निशान थे। सूचना पर डकोर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह गांव स्थित दुकान पर सामान लेने गया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह तीन भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था। पवन की मां शकुंतला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए हत्या कर शव लटकाने का आरोप गांव के ही एक नामजद व तीन अन्य लोगों पर लगाए है।
---------------
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
युवक की मौत के बाद परिजनों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने दो डॉक्टरों का पैनल गठित कर शव का पोस्टमार्टम किया। थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।